
उदित वाणी, जमशेदपुर: आज जिला परिषद की सामान्य बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उपविकास आयुक्त (DDC) और विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी शामिल हुए। इस उच्चस्तरीय बैठक में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने गोविंदपुर और घोड़ाबंधा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से बोर्ड के समक्ष रखा। उन्होंने बुनियादी ढांचे, शिक्षा और पानी की किल्लत पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
डॉ. परितोष सिंह द्वारा उठाए गए 9 प्रमुख मुद्दे:
पेयजल और जलापूर्ति: गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत छूटी बस्तियों में पानी की आपूर्ति शुरू करने, 20 खराब जलमीनारों की मरम्मत और जले हुए ट्रांसफार्मर ठीक करने की मांग की गई।
शिक्षा व्यवस्था: शहीद निर्मल महतो मध्य उच्च विद्यालय, घोड़ाबंधा के जर्जर कमरों की मरम्मत और 4 नए कमरों के निर्माण पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी निर्माण: पश्चिम छोटागोविंदपुर में टेंडर के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्र का काम शुरू न होने पर नाराजगी जताई।
विद्युत व्यवस्था: क्षेत्र में पुराने जर्जर बिजली के तारों और खंभों को बदलने के साथ नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
सड़कों की गुणवत्ता: ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़कों की खराब गुणवत्ता की जांच करने की मांग उठाई गई।
पंचायत भवन: दक्षिण मध्य छोटागोविंदपुर पंचायत भवन के रुके हुए निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य केंद्र: छोटागोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गोविंदपुर क्षेत्र के भीतर ही कराने का प्रस्ताव रखा ताकि स्थानीय लोगों को भटकना न पड़े।
टाटा पावर CSR: टाटा पावर द्वारा स्कूलों से शिक्षकों को हटाए जाने के फैसले को शिक्षा विरोधी बताते हुए इसे बोर्ड के सामने रखा।
वन विभाग पार्क: गोविंदपुर में वन विभाग द्वारा बनाए जा रहे पार्क में व्याप्त अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
डीडीसी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
डॉ. परितोष सिंह द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उपविकास आयुक्त (DDC) ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं पर समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।

