उदित वाणी जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सिटी एसपी ने अचानक निरीक्षण अभियान चलाया, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
मानगो, आजाद बस्ती और ओल्ड पुरुलिया रोड जैसे इलाकों में देर शाम चलाए गए इस अभियान के दौरान पार्कों और मैदानों में जुटे युवकों की गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई। कई स्थानों पर नशाखोरी और अड्डेबाजी करते पाए गए युवकों को मौके पर ही पकड़कर कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस की गाड़ियों और अधिकारियों को देखते ही कई संदिग्ध युवक मौके से भाग निकले, जबकि कुछ को हिरासत में लेकर समझाइश दी गई।
सिटी एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सिर्फ कार्रवाई का पहला चरण है। यदि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती है तो संबंधित लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शहर में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा देर रात तक बिना अनुमति खुली रहने वाली दुकानों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अधिकारियों को नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों के बीच डर का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


