
उदित वाणी, घाटशिला : आगामी विधानसभा उपचुनाव-2025 के सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन की दिशा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को विभिन्न कोषांगों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कोषांग, व्यय कोषांग, पोस्टल बैलेट स्ट्रॉन्ग रूम, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग और परिवहन कोषांग का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के समय उन्होंने कहा कि सभी कोषांग निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने कार्यों को पूर्ण तत्परता और समन्वय के साथ संपादित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कोषांग की भूमिका और जिम्मेदारी तय है, अतः किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन कोषांग के निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की तैयारी, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया. व्यय कोषांग को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्याशियों के व्यय अभिलेखों की सतत निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की रिपोर्ट तत्काल दें.

पोस्टल बैलेट हेतु चिन्हित स्ट्रॉन्ग रूम जिला उद्योग केंद्र परिसर में बनाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश नियंत्रण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सामग्री कोषांग के प्रभारी से चुनाव सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण और समय पर वितरण की जानकारी ली गई. ईवीएम कोषांग को मशीनों के रखरखाव और सुरक्षित संरक्षण का निर्देश दिया गया, जबकि परिवहन कोषांग को मतदान दलों व सामग्रियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन का दायित्व सौंपा गया.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दोहराया कि सभी कोषांगों में घनिष्ठ समन्वय रखा जाए, ताकि निर्वाचन कार्य पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से संपन्न हो सके. निरीक्षण के अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान सहित सभी कोषांगों के प्रभारी और सहायक प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे.

