
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक बार फिर से चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मिलेनियम पार्क के समीप गुरुवार की शाम बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला टेल्को कॉलोनी की निवासी है। वह शाम करीब 5:40 बजे मिलेनियम पार्क घूमने गई थी। वापसी के दौरान जैसे ही वह अपने घर की ओर लौट रही थी, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने तेजी से वारदात को अंजाम दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उस समय महिला खुद भी बाइक पर सवार थी, जिससे संतुलन बिगड़ने का खतरा भी बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

