
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहुचर्चित सुस्मिता दास हत्याकांड में ओडिशा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सूर्यकांत स्वाईं को जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ले जाया गया। अब वहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर पूरे मामले का पर्दाफाश करने की तैयारी में है।
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर में पदस्थापित सुस्मिता दास उर्फ डॉली और सूर्यकांत के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने सामाजिक मान्यता के बिना प्रतीकात्मक विवाह भी कर लिया था। हालांकि, समय के साथ उनके रिश्ते में आर्थिक विवाद गहराने लगे, जिससे तनाव बढ़ता गया।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब 19 अप्रैल को सुस्मिता की सगाई भद्रक निवासी एक युवक से तय हो गई। इस खबर ने सूर्यकांत को अंदर तक झकझोर दिया। गुस्से और आक्रोश में उसने अगले ही दिन हत्या की साजिश रच डाली।
20 अप्रैल को वह जमशेदपुर लौटने का बहाना बनाकर निकला, लेकिन ओडिशा में ही रुककर पूरी वारदात को अंजाम दिलाया। सुस्मिता की बेरहमी से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फिर से जमशेदपुर लौट आया, जिससे शक से बच सके।
फिलहाल, पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड के हर पहलू को जोड़कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में जुटी है।

