
कमेटी मीटिंग में हाल में सम्पन्न ग्रेड की समीक्षा की गई
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग मंगलवार को यूनियन के गोपेश्वर हॉल में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. कमेटी मीटिंग में विषय प्रवेश महामंत्री आरके सिंह ने कराया. कमेटी मीटिंग के दौरान हाल ही में संपन्न वेतन समझौता की समीक्षा की गई तथा यूनियन में रिक्त हुए तीन पदों पर निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव पदाधिकारी समेत पांच सदस्यीय कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया. गौरतलब हो कि यूनियन में एक कमेटी मेंबर तथा दो पदाधिकारियों के सेवानिवृत्त होने से पद रिक्त हुआ है, जिस पर चुनाव कराया जाना है. कमेटी मीटिंग के दौरान सभागार में उपस्थित यूनियन के कमेटी मेंबरों ने वेतन समझौते को एतिहासिक एवं मजदूरहित में करार दिया. सबों ने नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए वेतन समझौता बेहतर कराने के लिए महामंत्री आरके सिंह, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, सलाहकार प्रवीण सिंह को शुभकामनाएं दी तथा नेतृत्व को पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया.

यूनियन की एकजुटता से बेहतर ग्रेड
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि ग्रेड रिवीजन में जो बातें संज्ञान में लाई गई, उस पर प्रबंधन से बातचीत कर उसे समय से पूरा किया गया. उन्होंने फैंस क्लब के सेवा कार्यों की भी सराहना की. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि मजदूरों के हित में महामंत्री आरके सिंह के साथ लगातार विचार-विमर्श होता रहता है. सही तालमेल के साथ चलने का ही नतीजा है कि आज हम सब यूनियन की उपलब्धियों पर गर्व से बोल पाते हैं. रक्तदान के क्षेत्र में कीर्तिमान, टाटा साहब की प्रतिमा स्थापित करने से लेकर ग्रेड समझौता तक की उपलब्धि आप सबों के सहयोग के कारण ही हासिल करने में कामयाबी मिली है. इसका श्रेय यूनियन की एकजुटता एवं मजदूर भाईयों को जाता है.
यूनियन ने इस ग्रेड में काम का सही दाम लिया
सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि काम का उचित दाम कैसे लिया जाता है, यह बात यूनियन नेतृत्व ने इस बार बखूबी करके दिखाया है. आप सब इसी तरह यूनियन नेतृत्व को सपोर्ट करते रहिए. फिर देखिए इससे भी अच्छे परिणाम भविष्य में देखने को मिलेंगे. संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया. कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह, यूनियन के तमाम पदाधिकारी एवं कमेटी मेंबर मौजूद थे.
उपचुनाव की पांच सदस्यीय समिति
उपचुनाव के लिए गठित पांच सदस्यीय संचालन समिति इस प्रकार है, जिस पर सबों ने हाथ उठाकर सहमति जताया.
1. चिदानंद खंडई (चुनाव पदाधिकारी )
2. दुर्गेश कुमार (सदस्य)
3. टोटन बनर्जी (सदस्य )
4. धनंजय मिश्रा (सदस्य )
5. गौरव कुमार (सदस्य)

