
उदित वाणी, जमशेदपुर: बर्मामाइन्स स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शुक्रवार को झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य अतिथि रंजिता गांधी के नेतृत्व में हुई इस सभा में मुख्य रूप से संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी अवसर पर संघ के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र कुमार के लिए एक विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। ज्ञात हो कि रांची स्थानांतरण होने के कारण वे जिला संघ की अपनी भूमिका से विदा ले रहे हैं।
उनकी विदाई के पश्चात संगठन के कार्यों को गति देने के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई, जिसमें शशिकांत सिंह को नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सीमा कुजूर को कार्यकारी सचिव के रूप में संगठन के कार्यभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन की एकजुटता पर बल दिया गया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष बिट्टू सोनकर, मीडिया प्रभारी अमर नाथ शर्मा, उपाध्यक्ष मोना भूमिज, संरक्षक रीना कुमारी सहित संजय कुमार, संजय सिंह और सुबोध कुमार जैसे कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

