
उदित वाणी, पोटका: प्रभात फेरी निकाल ग्रामीणों को किया जागरूक पोटका प्रखंड के डोमजूडी गांव में नशा, बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ एक जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान मुखिया अनीता मुर्मू के नेतृत्व में एसएलपीएस की महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पूरे गांव में प्रभात फेरी निकाली और जोरदार प्रदर्शन किया. महिलाओं ने गांव के लोगों को इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया.
अभियान जारी रखने का लिया संकल्प
इस मौके पर मुखिया अनीता मुर्मू ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक डोमजूडी गांव पूरी तरह नशा मुक्त, बाल विवाह और बाल श्रम से मुक्त नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि समाज को बेहतर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है और महिलाओं की भागीदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
दारू माफिया के खिलाफ होगी अगली कार्रवाई
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में गांव में दारू माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. नदी किनारे कच्ची शराब बनाकर नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ महिलाएं एकजुट होकर कार्रवाई करेंगी.
नशा मुक्त जीवन के लिए लगाए नारे
अभियान के अंत में महिलाओं ने “स्वच्छ जीवन जीना है, नशा को जड़ से मिटाना है” सहित कई जागरूकता नारे लगाए और समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया.

