
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल के पास दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में दोनों ओर से काउंटर केस दर्ज कराया गया है. घटना को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगा रहे हैं. पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एक पक्ष की ओर से भुइयांडीह लकड़ी टाल के पास रहने वाली वृद्ध महिला उषा देवी ने थाने में शिकायत दी है. उषा देवी के अनुसार 8 फरवरी की शाम करीब 4.30 बजे से रात 8 बजे के बीच यह घटना हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि उसी दिन सन्नी शर्मा, नीतीश शर्मा और राजेंद्र शर्मा उनके घर पहुंचे और बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया.
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से लकड़ी टाल निवासी सन्नी शर्मा ने काउंटर केस दर्ज कराया है. उनकी शिकायत में राकेश शर्मा, सोनू शर्मा, रूबी शर्मा सहित 8-10 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. सन्नी शर्मा का कहना है कि 8 फरवरी की शाम करीब सवा पांच बजे सभी आरोपी उनके घर पहुंचे और शाम 7.30 बजे तक उनके परिवार के सदस्यों से उलझते रहे. इस दौरान गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई, जिससे परिवार के लोग घायल हो गए. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

