
उदित वाणी जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंगनगर में 1 अप्रैल को हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में घायल आकाश सिंह के ससुर प्रकाश सिंह और दामाद सन्नी चौधरी शामिल हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (चापड़) भी बरामद कर लिया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से गोलमुरी थाना में काउंटर केस दर्ज कराया गया है, जिससे विवाद और पेचीदा हो गया है। पहले पक्ष की ओर से घायल आकाश सिंह के रिश्तेदार बलविंदर सिंह के बयान पर सन्नी चौधरी, उसके भाई सूरज चौधरी, पिता संतोष चौधरी समेत कई अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से प्रकाश सिंह ने आकाश सिंह के भाई राहुल केला और अन्य के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। हमले में आकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

