
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह मैदान के पास पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की एक घटना सामने आई है। इस मारपीट में धर्मेंद्र यादव नाम युवक बुरी तरह घायल हो गया। यादव के परिजनों का आरोप है कि अभय सिंह, निर्भय सिंह और बिन्नी ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया है।
बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब धर्मेंद्र यादव गोलगप्पे खाने काशीडीह बागान पहुंचा था। वहां उसकी कुछ लड़कों के साथ बहस हो गई। इसके बाद आरोपियों ने जबरन अपने ऑफिस ले जाकर करीब आधे घंटे तक उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। धर्मेंद्र के भतीजे के अनुसार, यह घटना छह महीने पहले एक चाउमीन ठेले पर पैसे को लेकर हुई बहस का परिणाम है, जो दोनों पक्षों के बीच रंजिश का कारण बनी।
धर्मेंद्र यादव को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया है। वहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ साकची थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
समाज सेवी चंदन यादव भी अपने समर्थकों और धर्मेंद्र के परिजनों के साथ साकची थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

