
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन ने पंजाब सरकार के तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के साथ मिलकर राज्य के युवाओं में इंडस्ट्री-अलाइन्ड इलेक्ट्रिकल ट्रेनिंग को मजबूत करने के लिए एक विशेष स्किलिंग कार्यक्रम शुरू किया है. इस पहल के तहत लुधियाना के गिल रोड और समराला स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में इलेक्ट्रिकल लैब स्थापित की गई हैं.
इन लैब में स्किन्डर इलेक्ट्रिक के सहयोग से उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जो छात्रों को हैंड्स-ऑन और प्रैक्टिकल लर्निंग प्रदान करने के साथ-साथ क्लासरूम शिक्षा और इंडस्ट्री की जरूरतों के बीच की खाई को पाटने में मदद करेंगी.एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में आईटीआई गिल रोड में इलेक्ट्रिकल लैब का उद्घाटन प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी में किया गया. इसमें शामिल थे- बालजिंदर सिंह, प्रिंसिपल एवं डिप्टी डायरेक्टर, गवर्नमेंट आईटीआई गिल रोड लुधियाना, चरणजीत सिंह विश्वकर्मा, चेयरमैन आईएमसी, गवर्नमेंट आईटीआई गिल रोड लुधियाना और बलजिंदर सिंह, वाइस प्रिंसिपल, गवर्नमेंट आईटीआई गिल रोड लुधियाना.
एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स बढ़ेगी
टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से डेविड विलियम ऑगस्टाइन, चीफ, लुधियाना प्रोजेक्ट, टाटा स्टील लिमिटेड, सौरव रॉय, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, टाटा स्टील फाउंडेशन और कैप्टन अमिताभ, हेड स्किल डेवलपमेंट, टाटा स्टील फाउंडेशन मौजूद रहे. कार्यक्रम में फैकल्टी सदस्यों, छात्रों और फाउंडेशन टीम के अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया.यह पहल एक समग्र दृष्टिकोण अपनाती है, जिसमें तकनीकी ट्रेनिंग के साथ-साथ एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स को भी शामिल किया गया है. इसमें इलेक्ट्रिकल लैब इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, हैंड्स-ऑन और एक्सपीरियंशियल लर्निंग को बढ़ावा देना तथा ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स के माध्यम से संस्थागत क्षमता निर्माण शामिल है.
तकनीकी पाठ्यक्रम में हाउस वायरिंग और ट्रबलशूटिंग, पाइप और बैटन वायरिंग विद ड्रिलिंग प्रैक्टिस, सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम, मोटर स्टार्टर और कंट्रोलर ऑपरेशंस, तथा हाइब्रिड सोलर सिस्टम विद एनर्जी स्टोरेज एप्लिकेशंस जैसे विषय शामिल हैं. इस कार्यक्रम से अब तक कुल 64 शिक्षार्थी लाभान्वित हुए हैं, जिनमें आईटीआई गिल रोड के 44 और आईटीआई समराला के 20 छात्र शामिल हैं. इन छात्रों की प्रैक्टिकल क्षमताओं में सुधार हुआ है और वे इंडस्ट्री के लिए अधिक तैयार हो गए हैं.

