उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने यात्रियों और रेलवे कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11 बजकर 7 मिनट पर प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी एक मालगाड़ी पर एक युवक अचानक चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के इस कदम के तुरंत बाद वह ओवरहेड हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्टेशन स्टाफ को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल ‘टाटा लाइफ’ एंबुलेंस की सहायता से रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका
इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने यह जोखिम भरा कदम उठाया।
रेलवे की यात्रियों से अपील
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल युवक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेनों के ऊपर चढ़ने जैसे खतरनाक कदम न उठाएं, क्योंकि ओवरहेड हाई वोल्टेज तार किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकते हैं।


