
* एजीएम में जेओ ग्रेड की बेहतरी के साथ निष्कासित कर्मियों की वापसी के प्रस्ताव पर लगी मुहर
* केन्द्र सरकार के चार नये श्रम कानून को यूनियन संविधान में शामिल किया जाएगा
* क्रांति का झांसा देकर मजदूरों को भ्रमित करने वालों से सावधान रहने की अपील
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा टाटा मोटर्स कंपनी परिसर स्थित पुराना कैंटीन प्रांगण में शनिवार 28 फरवरी को अपराह्न एक बजे से आयोजित की गई. आम सभा की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण ने की. आमसभा में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह , कार्यकारी अध्यक्ष बीके शर्मा व अनिल शर्मा, संयुक्त महामंत्री एचएस सैनी व अजय भगत और कोषाध्यक्ष एमके सिंह मंच पर मौजूद थे. आमसभा का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया. आमसभा में बड़ी संख्या में मजदूरों ने उपस्थिति दर्ज कर हस्ताक्षर किया तथा सभा पटल पर रखें प्रस्ताव का समर्थन किया.

आमसभा में पारित प्रस्ताव
1. वर्ष 2025 में यूनियन का आय – व्यय का लेखा – जोखा आमसभा के पटल पर रखा गया तथा उसे पारित कराया गया.
2. केंद्र सरकार के 4 नये श्रम कानूनों को कार्यकारिणी द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में यूनियन के संविधान में शामिल करने के लिए आमसभा में प्रस्ताव रखा गया, जिस प्रस्ताव का सबों ने समर्थन किया और संशोधन को पारित किया.
3. सोशल सिक्योरिटी के तहत लाभान्वित दिवंगत मजदूरों के नाम तथा सूची सार्वजनिक करने के प्रस्ताव पर आमसभा में सहमति बनी.
4. यूनियन के नये सदस्य बनने के लिए दिए गए आवेदनों को स्वीकृति देते हुए सबों को यूनियन में सम्मिलित करने के प्रस्ताव का सबों ने समर्थन किया.
5. कंपनी से बर्खास्त कर्मचारियों को फिर से नियोजन दिलाने के प्रस्ताव पर सबों का समर्थन लिया गया.
6. मजदूर हित में वेतन समझौता निर्धारित समय के भीतर कराने के प्रस्ताव का भी सबों ने स्वागत किया. आमसभा में उपस्थित मजदूरों ने यूनियन के प्रस्ताव का हाथ उठाकर समर्थन किया. आमसभा में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल थीं. 5225 यूनियन सदस्यों ने उपस्थित होकर वार्षिक आम सभा को सफल बनाया.
यूनियन और मजबूत होती गई-आरके सिंह
महामंत्री आरके सिंह ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग यूनियन को जितना कमजोर करने का कोशिश किए, यूनियन उतनी ही मजबूत होती गयी. आज आप सबों की उपस्थिति एवं एकजुटता से उन्हें संदेश मिल गया होगा. उन्होंने मजदूरों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की. महामंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्रेड ऐतिहासिक होगा, इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए. इस मार्च महीने में मजदूरों के हित में बहुत सारा काम करना है, जो समय के साथ सबों को दिखेगा. उन्होंने मजदूरों से आगामी 3 मार्च को निर्धारित यूनियन के महा रक्तदान शिविर एवं संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा साहब की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में सपरिवार भाग लेने की अपील की.
पिछले साल 2906 यूनिट संग्रह हुआ था
आरके सिंह ने कहा कि आप सभी मजदूरों ने विगत वर्ष 2906 यूनिट रक्तदान कर इस शहर को यह मैसेज देने का काम किया है कि शहर में रक्त के अभाव में किसी की मौत नहीं होने देगें. जो मजदूरों की बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने जेओ ग्रेड के कर्मचारियों के लिए भी कुछ अच्छा होने का संकेत दिया. कहा कि हम काम में विश्वास रखते हैं. बिना कोई काम किए कुछ नहीं बोलते हैं.
मजदूरों को काम का सही दाम मिलेगा-प्रवीण सिंह
यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आप सबों की उपस्थिति यूनियन की मजबूती को दर्शाता है और यह आमसभा आपकी ताकत को. आप इसी तरह एक जुट रहें अपने नेतृत्व पर भरोसा रखें सब ठीक होगा. काम का सही दाम यह यूनियन ही दिलाने में सक्षम है. कुछ लोग क्रांति की बात कहकर भ्रमित करने में लगे हैं. हमें अपनी चट्टानी एकता बनाएं रखनी है. संयुक्त महामंत्री एचएस सैनी ने आमसभा में महिला कर्मचारियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारी बहनें कंधा से कंधा मिलाकर एक साथ काम कर रही है. यह देखकर बहुत अच्छा लगता है. ग्रेड बेहतर होगा, यह प्रयास जारी हैं. उन्होंने सबों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दी. अंत में दिवंगत मजदूरों की आत्मा के शांति के लिए सबों ने एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी.

