
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट ने टेम्परेरी (बाई-सिक्स) कर्मचारियों को परमानेंट बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है. प्रबंधन ने 26 मार्च गुरुवार को 225 टेम्परेरी वर्कमैन की सूची जारी कर दी है, जिन्हें इस तिमाही में परमानेंट (प्रोबेशनर) के रूप में शामिल किया जाएगा.यह कदम 25 जनवरी 2024 को टाटा मोटर्स मैनेजमेंट, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और झारखंड के लेबर कमिश्नर के बीच हस्ताक्षरित ऐतिहासिक समझौते के तहत उठाया गया है. समझौते के अनुसार हर साल 900 टेम्परेरी कर्मचारियों को परमानेंट किया जाएगा, जिसमें हर तिमाही में 225 कर्मचारियों को शामिल किया जाता है.
सीनियरिटी और एलिजिबिलिटी को ध्यान में रखते हुए यह प्रक्रिया चल रही है. इस सूची के बाद टाटा मोटर्स में केवल 200 बाई सिक्स कर्मी रह जाएंगे. इन बचे 200 कर्मियों के स्थायीकरण की सूची जून माह में निकलेगी. इस सूची के साथ ही टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में चल रहे अस्थायी कर्मियों के युग का अंत हो जाएगा. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स में टेम्पोरेरी का यह दौर लगभग 50 साल से चल रहा है, जिसका अंत हो जाएगा.
मेडिकल परीक्षण की डिटेल्स:
चयनित 225 उम्मीदवारों को 6 अप्रैल 2026 से 7 मई 2026 के बीच मेडिकल एग्जामिनेशन से गुजरना होगा. उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट से एक दिन पहले टाटा मोटर्स सेंट्रल एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो में रिपोर्ट करना अनिवार्य है. ए शिफ्ट वाले उम्मीदवार बी शिफ्ट में और बी शिफ्ट वाले ए शिफ्ट में रिपोर्ट करेंगे.
साथ में यह लाना अनिवार्य दस्तावेज
1. 5 कॉपी पासपोर्ट साइज फोटो (रेड बैकग्राउंड)
2. पैन कार्ड, बैंक पासबुक, यूएएन सर्विस हिस्ट्री, यूएएन पासबुक
3. ई नोमिनेशन प्रूफ, ई आधार (पिछले 3 दिनों में डाउनलोडेड)
4. सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र
महत्वपूर्ण चेतावनी:
अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि पर रिपोर्ट नहीं करता है, तो उसे इस अवसर में रुचि नहीं रखने वाला माना जाएगा.मेडिकल फिटनेस, क्रेडेंशियल वेरिफिकेशन और अनुशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन कर्मचारियों को प्रोबेशनर के रूप में शामिल किया जाएगा. टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के इस कदम से कर्मचारियों में उत्साह है. सूची में पुरुष और महिला दोनों कर्मचारियों के नाम शामिल हैं, जिनकी मेडिकल डेट 6 अप्रैल से शुरू होकर 7 मई 2026 तक विभिन्न चरणों में निर्धारित है. सभी चयनित उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे समय पर सीईबी पहुंचें और सभी दस्तावेज साथ रखें.

