
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दाईगुट्टू फॉरेस्ट लाइन इलाके में छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं. हालांकि छापेमारी के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मानगो थाना को दाईगुट्टू फॉरेस्ट लाइन क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने देर रात इलाके में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती रोड नंबर निवासी आसिफ अख्तर उर्फ शिबू बच्चा के रूप में की गई है. वहीं फरार आरोपी की पहचान दाईगुट्टू निवासी रोहित सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ और नकदी को जब्त कर लिया.
इस मामले में मानगो थाने में पदस्थापित एसआई अमित कुमार के लिखित बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी आसिफ अख्तर को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

