
उदित वाणी, गुवा : 26वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट राजीव रंजन के दिशा-निर्देश पर ई/26वीं बटालियन द्वारा गुंडी जोरा और रातामाटी ग्रामों में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक कमांडेंट सुबीर कुमार मंडल (समवाय अधिकारी) ने किया. सिविल पुलिस से गंगा राम हूंहागा मुंडा एवं चंपई किस्को भी मौजूद रहीं.
कार्यक्रम के तहत जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को प्लास्टिक वाटर टैंक वितरित किए गए. यह पहल ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुई, क्योंकि लंबे समय से वे पानी की कमी का सामना कर रहे थे. ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस जनहितकारी पहल की खूब सराहना की.
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने शांति, सुरक्षा तथा विकास में सहयोग की अपील की. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा और सीआरपीएफ के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो गया.

