
उदित वाणी, जमशेदपुर : 27 माह से लंबित टीएसडीपीएल कर्मियों के ग्रेड पर मंगलवार को भी बात आगे नहीं बढी. अब बुधवार 24 दिसंबर को बारा यूनिट के कांफ्रेंस हाल में ग्रेड कमेटी के प्रबंधन-यूनियन के प्रतिनिधि एक साथ बैठेंगे. कंपनी प्रबंधन अपनी वित्तिय स्थिति व उत्पादन-उत्पादकता का हवाला देते हुए यूनियन की मांग पर खरा उतरने को तैयार नहीं है. प्रबंधन का मानना है कि वह वर्तमान स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों के ग्रेड पर समझौता करेगा.
वहीं यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है पिछले ग्रेड में जितनी रकम कर्मचारियों को मिली थी, उतना पर भी प्रबंधन अभी नहीं पहुंचा है. बीते ग्रेड रिवीजन में कर्मचारियों को दस हजार तक का लाभ मिला था. यूनियन हर हाल में बीते ग्रेड से ज्यादा राशि लेने पर अड़ी हुई है. इसी मामले में प्रबंधन-यूनियन के बीच ठनी हुई है. इस सब के बावजूद कल एक बार फिर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता शाम पांच बजे से होने वाली है. आज की वार्ता में प्रबंधन पक्ष से करण लखानी, संजय मजुमदार, यूनियन से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महामंत्री त्रिदेव सिंह, अमन जी, उपेंद्र राय, सच्चिदानंद आदि शामिल थे.
