उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन से सटे खासमहल स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर में नए भवन निर्माण को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य पर रेलवे प्रशासन ने आपत्ति जताते हुए कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। फिलहाल रेलवे ने कार्रवाई रोक दी है और निर्माण कार्य भी अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में नई बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच रेलवे प्रशासन ने दावा किया कि निर्माण रेलवे की जमीन पर किया जा रहा है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के विरुद्ध है।
शुक्रवार को रेलवे की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर लेकर मंदिर परिसर पहुंची। कार्रवाई की सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के सदस्य, स्थानीय लोग और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां जुट गए। लोगों ने धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते विरोध और तनाव को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को बुलडोजर वापस लेना पड़ा।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। परिषद ने रेलवे प्रशासन से दो दिनों का समय मांगते हुए मामले की जांच और दस्तावेजों की समीक्षा की बात कही। विहिप ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मंदिर की आड़ में किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित होती है तो उसका समर्थन नहीं किया जाएगा।
इधर रेलवे प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी है। सूत्रों के मुताबिक अब रेलवे, मंदिर कमेटी, विहिप और स्थानीय प्रशासन के बीच बैठक कर आगे का रास्ता तय किया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


