
उदित वाणी जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरवेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल की छुट्टी के बाद 12वीं कक्षा के एक छात्र पर कुछ बाहरी युवकों ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
घायल छात्र की पहचान सौम्य कुमार के रूप में हुई है, जो नरवेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छुट्टी के बाद जैसे ही सौम्य स्कूल परिसर से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बाहरी युवक मौके पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. हमलावरों ने लात-घूंसे और डंडे से छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा.
छात्र की चीख-पुकार सुनकर स्कूल के अन्य छात्र और स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे. भीड़ बढ़ती देख हमलावर वहां से फरार हो गए. इसके बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार छात्र की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगने के कारण उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने स्कूल परिसर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया है. साथ ही स्कूल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर स्कूल के छात्र नहीं थे और घटना पूर्व नियोजित प्रतीत हो रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद शहर में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

