
उदित वाणी. जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान से देर रात हुए गेट और ग्रिल एंगल चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर लिया। गुरुवार सुबह छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपियों को चोरी किए गए सामान और टेंपो के साथ गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में संजय गोप (बारीगोड़ा, परसुडीह), निरज कुमार (जोजोबेड़ा), अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला और प्रेम कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी में प्रयुक्त डाला टेंपो, घर का गेट और ग्रिल एंगल बरामद किया। मकान मालिक ने भी बरामद सामान की पहचान कर इसकी पुष्टि की.
चोरी का खुलासा पुलिस ने एक अनोखे सुराग के आधार पर किया। घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने चोरी कर रहे आरोपियों और टेंपो पर लोड किए जा रहे सामान की तस्वीर खींच ली थी। फोटो में सभी आरोपी स्पष्ट दिख रहे थे। यही तस्वीर पुलिस के लिए अहम सबूत बनी। तस्वीर के आधार पर पहचान करते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और सुबह तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है। वे निर्माणाधीन मकान से गेट और ग्रिल एंगल चुराकर बेचने की तैयारी में थे। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से न केवल आरोपी गिरफ्तार हुए बल्कि चोरी का सामान भी पूरी तरह बरामद कर लिया गया। स्थानीय लोगों ने मामले में पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
