
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरडी टाटा स्कूल के 1965 बैच के पूर्व छात्र 30 नवंबर 2025 को अपनी डायमंड जुबली री-यूनियन में पुराने साथियों के साथ मिलकर यादें ताज़ा करेंगे. कार्यक्रम गीतांजलि हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सभागार, उलियान कदमा में शाम 6 बजे से आयोजित होगा.
री-यूनियन में लगभग 15 अतिवृद्ध वरिष्ठ नागरिक पूर्व छात्र अपने परिवारजनों के साथ शामिल होंगे और गुजरे दिनों की स्मृतियां साझा करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के 1965 प्रथम बैच के पूर्व छात्र एवं भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व उप प्रबंध निदेशक प्रबल मित्रा करेंगे, जो स्वागत भाषण के साथ आयोजन की शुरुआत करेंगे.
समारोह के दौरान 2018 से 2025 के बीच दिवंगत हो चुके साथियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा जाएगा. इसके बाद पूर्व छात्रों का गुलाल सत्कार किया जाएगा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा. शुभारंभ के अवसर पर केक काटने के साथ हाई टी और नाश्ते की व्यवस्था रहेगी.
पूर्व छात्र एक-दूसरे के साथ खुलकर पुरानी यादें बांटेंगे और सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों के जरिए समय बिताएंगे. अंत में लगभग 8 बजे के आसपास डिनर का आयोजन होगा, जिसके बाद सभी सहभागी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे.
