
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के विरोध में अब व्यापक जन-आंदोलन की तैयारी है. रेल यात्री संघर्ष समिति आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर जंक्शन पर एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाएगी. इस संबंध में आज केबुल टाउन में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
प्लेटफॉर्म पर टोलियां और डिजिटल फीडबैक
विधायक सरयू राय ने अभियान के प्रबंधन को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के लिए 15-15 लोगों की टोलियां बनाई जाएंगी, जो टाटानगर जंक्शन के हर प्लेटफॉर्म पर जाकर यात्रियों से सीधा फीडबैक लेंगी. यात्रियों को एक पर्चा दिया जाएगा जिसमें क्यूआर (QR) कोड होगा. इसे स्कैन करके यात्री अपनी शिकायतें और सुझाव डिजिटल माध्यम से दर्ज करा सकेंगे.
स्टेशन के बाहर लगेगा विशाल व्हाइटबोर्ड
जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर एक बड़े आकार का व्हाइटबोर्ड लगाया जाएगा. स्टेशन आने-जाने वाले यात्री इस बोर्ड पर अपने हस्ताक्षर करके ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा सकेंगे. बैठक में घाटशिला के यात्रियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई, जिन्हें ट्रेनों के ठहराव न होने और देरी के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
चक्रधरपुर डीआरएम से जवाब तलब
बैठक के दौरान रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए. सरयू राय ने पूछा कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का निर्णय किसका है? क्या यह फैसला डीआरएम (DRM), रेल महाप्रबंधक या रेलवे बोर्ड का है? समिति ने मांग की कि चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम को इस संबंध में जारी किसी भी सर्कुलर या आदेश की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए.
विभिन्न संगठनों का मिला समर्थन
इसी मुद्दे पर जदयू महानगर इकाई की भी एक अहम बैठक हुई. जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार और पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए व्यापक जन-भागीदारी पर जोर दिया. रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों से 26 अप्रैल की सुबह 9:30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचने का आह्वान किया है.
बैठक में मुख्य रूप से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर, शमशाद खान समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार और धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया.

