
जमशेदपुर: सामाजिक संस्था ‘नई जिंदगी परिवार’ के सौजन्य से शनिवार को गम्हरिया के रामचंद्रपुर निवासी समाजसेवी स्व० सुखराम टुडू की पावन स्मृति में एक मिनी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद के लिए 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का विधिवत उद्घाटन स्व० सुखराम टुडू की धर्मपत्नी श्रीमती बांगी टुडू और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम (GM) संजय चौधरी ने किया। उन्होंने स्व० टुडू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
ट्राइबल ब्लड मैन’ राजेश मार्डी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राजेश मार्डी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को महादान बताया। इस पहल से संग्रहित 25 यूनिट रक्त का उपयोग ब्लड सेंटर द्वारा आपातकालीन स्थितियों में मरीजों की जान बचाने के लिए किया जाएगा।
शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से सीताराम हेम्ब्रम, शंभू टुडू, गणेश टुडू, दुर्गा सोरेन, लक्ष्मण टुडू, गोपी मार्डी और वीरसिंह बास्के सहित संस्था के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

