
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन को पूर्वी भारत में समावेशी और समुदाय-संचालित फुटबॉल इको सिस्टम के निर्माण के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को मान्यता देते हुए सर्वश्रेष्ठ ग्रासरूट्स प्रोजेक्ट के लिए एएफसी स्पेशल ग्रासरूट्स अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है. यह प्रतिष्ठित पुरस्कार, जिसका आयोजन एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन द्वारा कुआलालंपुर में किया गया था, पूरे एशिया के उन उत्कृष्ट संगठनों और पहलों का सम्मान करता है जो फुटबॉल के माध्यम से भागीदारी, विकास और सामाजिक परिवर्तन के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में करते हैं.
समारोह में एएफसी, राष्ट्रीय फुटबॉल संघों और पूरे महाद्वीप के ग्रासरूट्स विकास संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से कैप्टन अमिताभ, हेड स्किल डेवलपमेंट और चंद्रयी मजूमदार, मैनेजर स्पोर्ट्स ने यह पुरस्कार ग्रहण किया, जो उन हजारों बच्चों, प्रशिक्षकों और सामुदायिक नेतृत्वकर्ताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं जो इसके जीवंत ग्रासरूट्स खेल अभियान का हिस्सा हैं.
इस अवसर पर, सौरव रॉय, चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर, टाटा स्टील फाउंडेशन, ने कहा: “यह सम्मान उन बच्चों, प्रशिक्षकों और समुदायों का है जो जीवन को बदलने की दिशा में खेलों की शक्ति में विश्वास करते हैं और यह हमें उनकी खेल यात्रा में युवाओं का समर्थन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करता है. छह स्थानों पर कार्यरत और 2,500 से अधिक कैडेटों के साथ जुड़कर, ग्रासरूट्स खेलों में हमारी यात्रा इस विश्वास से संचालित होता है कि खेल समुदायों को सशक्त बना सकता है. हम एएफसी के आभारी हैं कि उन्होंने हमारे प्रयासों को समझा और पूरे एशिया में खेल के विकास के लिए अपनी निरंतर प्रतिबद्धता बनाए रखी.
पांच हजार से अधिक बच्चों तक पहुंच
टाटा स्टील फाउंडेशन को उसके ‘स्पोर्ट्स फॉर स्कूल्स एंड कम्युनिटी फुटबॉल प्रोग्राम’ के लिए मान्यता दी गई, जो वर्तमान में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 5,000 से अधिक बच्चों तक पहुंच बनाने में सफल रहा है. यह पहल युवा एथलीटों, विशेष रूप से आदिवासी और वंचित समुदायों के बच्चों के लिए, समग्र मार्ग बनाने के लिए खेल प्रशिक्षण, शिक्षा, पोषण और जीवन कौशल को एकीकृत करती है.
इस कार्यक्रम की सराहना ग्रासरूट्स खेल के प्रति उसके बाल-केंद्रित और समावेशी दृष्टिकोण, लड़कियों के लिए समान अवसर और फुटबॉल में महिला नेतृत्व पर उसके जोर, और समुदाय-आधारित इकोसिस्टम को विकसित करने में उसकी सफलता के लिए की गई, जो प्रतिभा और सामाजिक सामंजस्य दोनों का पोषण करती हैं. इस कार्यक्रम को ग्रामीण युवाओं के बीच सशक्तिकरण और जीवन कौशल विकास के साधन के रूप में खेल का उपयोग करने के लिए भी प्रशंसा मिली.

