उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना लेक से सटे बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित एक रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार की सूचना पर रविवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने लेक व्यू रिसॉर्ट में छापेमारी करते हुए तीन कमरों से तीन युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि एक अन्य कमरे में मौजूद एक जोड़ी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गई।
घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह महीनों से रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिसकी शिकायत कई बार स्थानीय स्तर पर की गई थी। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसॉर्ट पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह उन्हें ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए तीन जोड़ियों को हिरासत में लेकर थाना ले जाने की तैयारी शुरू की, लेकिन ग्रामीण रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि मालिक के आने तक किसी को नहीं छोड़ा जाएगा और रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद किया जाए।
मैनेजर संतोष गिरी ने पुलिस को बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। परिसर की एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट है। पुलिस ने तलाशी के दौरान कमरों से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। मामले की जांच जारी है।


