उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा हरि मंदिर के समीप शनिवार रात ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मवेशियों से भरी एक मालवाहक गाड़ी को पकड़ लिया. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे स्थानीय लोगों को सफेद रंग की टाटा एलपीटी (JH05CN 9716) पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर जांच की गई.
वाहन में क्रूरता पूर्वक भरी गई थीं गायें
ग्रामीणों ने जब वाहन की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए. वाहन में बड़ी संख्या में गायों को बेहद क्रूरता के साथ ठूंस-ठूंस कर भरा गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई गायें भूख-प्यास के कारण बदहवास और गंभीर हालत में थीं. ग्रामीणों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए सभी पशुओं को नीचे उतारा और उन्हें पानी पिलाकर राहत पहुंचाई.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन मवेशियों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था. पुलिस प्रशासन पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था में जुटा है.


