उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी भवन के समीप घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि आपसी रंजिश में कुछ लोगों ने 8 वर्षीय मासूम बच्चे को निशाना बनाते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जबरन बैट्री का केमिकल पिला दिया। घटना का विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।
इस संबंध में कदमा भाटिया बस्ती अशोक पथ निवासी अनीता देवी ने बिष्टूपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले में असम के गुवाहाटी मानपाड़ा निवासी ममता राय, राजेश कुमार राय, मिथुन ठाकुर, कविता दास राय और आर्यन गुप्ता को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि अनीता देवी के 8 वर्षीय पोते इंशात विश्वकर्मा के साथ 19 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच यह घटना घटी। आरोपियों ने बच्चे को प्रताड़ित करने के बाद उसे जान से मारने की नीयत से बैट्री में इस्तेमाल होने वाला रासायनिक पदार्थ जबरन पिला दिया। घटना के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार के लोग भय और तनाव में हैं।
पुलिस के अनुसार मामला 9 मई को थाना पहुंचा। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे को कौन-सा पदार्थ पिलाया गया था। मामले को गंभीर मानते हुए सभी आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।


