उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 की मतगणना की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को महिला विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में संचालित मतगणना दलों के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है. प्रशिक्षण के दौरान पर्यवेक्षकों को ईवीएम की सील की जांच, काउंटिंग प्रक्रिया की निगरानी और परिणाम पत्रक भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई. मतगणना सहायक को नियंत्रण इकाई से परिणाम पढ़ने, डेटा दर्ज करने और फॉर्म भरने का कार्य समझाया गया, जबकि माइक्रो ऑब्जर्वर को पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु हर राउंड में सघन निगरानी रखने के दिशा-निर्देश दिए गए.

सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) प्रत्येक हॉल में समग्र समन्वयक की भूमिका निभाएंगे और किसी भी तकनीकी अथवा प्रक्रिया संबंधी समस्या का समाधान करेंगे. मतगणना के दौरान वीवीपैट पर्चियों की गणना भी निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार की जाएगी.
श्री सत्यार्थी ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन की विश्वसनीयता का सबसे अहम चरण है. प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा. निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. प्रवेश केवल अधिकृत पासधारी व्यक्तियों को ही मिलेगा और संपूर्ण प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में होगी. मतगणना कार्य 14 नवम्बर 2025 को को-ऑपरेटिव कॉलेज में आयोजित होगा, जहाँ कुल 15 टेबलों पर 20 राउंड में मतगणना की जाएगी.


