उदित वाणी, झारखंड: अखिल भारत किसान सभा की ओर से रविवार को बोड़ाम प्रखंड के मुदीडीह गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोड़ाम, पलासडीह, कांकीडीह, दुबराजपुर, रेचाडीह, चुनीडीह, मुदीडीह, बनडीह समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
इस दौरान भादुडीह से बोड़ाम होते हुए बंगाल सीमा तक सड़क निर्माण के लिए भूमि देने वाले ग्रामीणों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद जमीन दाताओं को उनका अधिकार नहीं मिला है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस दौरान अखिल भारत किसान सभा के नेताओं ने प्रशासन से जल्द मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष लोटन दास, जिला सचिव स्वपन महतो, माकपा के जिला सचिव केपी सिंह सहित गुरुपद महतो, फूलचांद सिंह, सुभाष सहिस, डोमन, आनंदो, निरंजन रूहिदास, झोंटू सिंह, ऋषिकेश, जयराम समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।


