
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 स्थित खरकई नदी किनारे से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5, जयप्रकाश नगर निवासी रघुनाथ मछुआ और आशीष मछुआ के रूप में की गई है.
जानकारी के मुताबिक, कदमा पुलिस टीम ने गुरुवार रात करीब 9:45 बजे गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी वहां से भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उनका पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी के दौरान रघुनाथ मछुआ के पास से एक देशी कट्टा, जबकि आशीष मछुआ के पास से एक जिंदा गोली बरामद की गई.
कदमा थाना के एसआई पिंकू कुमार के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किन लोगों के संपर्क में थे और किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार गश्त और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का मानना है कि इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से स्थानीय स्तर पर सक्रिय कुछ आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा. साथ ही, बरामद हथियार की उत्पत्ति और नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके.

