
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कमानी सेंटर के पास मंगलवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी परसुडीह निवासी एस.के. पाल, जो टाटानगर रेलवे में आईओडब्लू पद पर कार्यरत हैं, अपनी पत्नी के साथ परसुडीह स्थित घर लौट रहे थे। अचानक पीछे से आई बाइक ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत बाइक सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने युवकों की जमकर पिटाई की और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घायल दंपती को इलाज के लिए नजदीकी टीएमएच अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज गति से चल रही थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बाइक और आरोपित युवकों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में शाम के समय अक्सर तेज रफ्तार बाइकर्स उत्पात मचाते हैं। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

