
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत होटल सागर के पास देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब पूजा घूमने निकले गोलमुरी निवासी दो भाइयों पर अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया. घटना के शिकार साहिल शर्मा और आयुष शर्मा बताए जा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक पूजा देखने पहुंचे थे, तभी अचानक कुछ अज्ञात लड़कों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते हमलावरों ने छापड़ से वार कर दोनों को घायल कर दिया. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और गंभीर रूप से घायल साहिल और आयुष को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है. फिलहाल दोनों सामान्य स्थिति में हैं और उनका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायलों से पूछताछ भी की. फिलहाल हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस ने ब
ताया कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावर वारदात के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले.
इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि त्योहार के मौके पर ऐसे हमले बेहद चिंताजनक हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

