
उदित वाणी जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित वर्द्धमान आभूषण दुकान में दिनदहाड़े हुए लूटकांड के बाद छह लुटेरे पुलिस की पकड़ से बचने के लिए चांडिल की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी और सर्च अभियान शुरू किया। बताया जाता है कि लुटेरे दलमा के घने जंगल में छिपने की कोशिश कर रहे हैं, जहां उनकी तलाश में पुलिस के साथ खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो पल्सर बाइक पर सवार होकर लुटेरे सोनारी से भागते हुए चांडिल थाना क्षेत्र के काठजोड़ गांव पहुंचे। पीछा किए जाने पर उन्होंने दोनों बाइक को बड़ा तालाब में डुबो दिया और पैदल ही दलमा जंगल की ओर निकल गए। पुलिस ने तालाब से दोनों बाइक बरामद कर ली है।
जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में सोनारी और चांडिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चला रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान खोजी कुत्तों ने भी लंबी दूरी तय कर लुटेरों का सुराग लगाने का प्रयास किया, हालांकि देर शाम तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और आसपास से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। बताया जा रहा है कि टीम ने दलमा जंगल में कई संभावित ठिकानों की घेराबंदी कर रखी है।
इस बीच लूटकांड से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।

