
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में गुरुवार देर रात भीड़ ने एक युवक को चोर समझकर पीट-पीटकर मार डाला। मृतक की पहचान राहुल भुईयां (ठेला चालक) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे राहुल भुईयां शौच करने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा और उसके चार-पांच साथियों ने राहुल को चोर समझ लिया। आरोप है कि उन्होंने लोहे की रॉड और डंडे से बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर हालत में पुलिस ने राहुल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार तड़के 4 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही शुक्रवार सुबह एमजीएम अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। आक्रोशित लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार दलबल के साथ पहुंचे और मुख्य आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर थाना ले गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक राहुल का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। फिलहाल एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

