
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जीसू भवन के सामने मंगलवार देर रात एक परिवार पर अचानक पत्थरबाजी की घटना हुई. पीड़ित परिवार जुगसलाई से गाड़ी द्वारा ओल्ड पुरुलिया रोड होते हुए घर लौट रहा था. इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनकी गाड़ी पर पत्थर से हमला कर दिया. उस समय गाड़ी में छोटे-छोटे तीन बच्चे भी मौजूद थे, जिससे पूरा परिवार भयभीत हो गया और बच्चों की चीख-पुकार से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया.
परिवार ने बताया कि बदमाश सिर्फ उनकी गाड़ी पर ही नहीं, बल्कि उनके पीछे चल रही अन्य गाड़ियों पर भी पत्थर फेंक रहे थे. घटना के बाद घबराया परिवार सीधे थाना पहुंचा और पुलिस को इसकी जानकारी दी. लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय सिर्फ “देखने” की बात कहकर टाल दिया. परिवार का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है. कुछ समय पहले भी इसी इलाके में बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक व्यक्ति से छिनताई की थी. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही ओल्ड पुरुलिया रोड पर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं और राहगीरों को परेशान करते हैं.
इस घटना से क्षेत्र के लोगों और राहगीरों में भारी दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और पत्थरबाजी व छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए. साथ ही दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
