
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने हथियार सप्लायर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र के किताडीह ग्यालापट्टी निवासी रवि यादव को 5 अगस्त की शाम करीब 5:38 बजे अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस संबंध में परसुडीह थाना में विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को तीन अभियुक्त—समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, संजय वर्मा उर्फ संजु वर्मा और बिबेक साह—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी निहाल तिवारी और उसके सहयोगी रेहान खान ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। दोनों को चार दिनों के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, मैरून रंग का होंडा डियो स्कूटी (नंबर जेएच05डीएक्स-9816) और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
लगातार छापेमारी अभियान के बीच पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले विवेक जी उर्फ विवेक राज (20 वर्ष), पिता प्रेम दिवाकर राम, निवासी किताडीह गुरुद्वारा रोड, मूल रूप से बक्सर, बिहार को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। विवेक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में जुगसलाई थाना से भी आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं में नामजद हो चुका है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि विवेक की गिरफ्तारी से परसुडीह गोलीकांड में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी सफलता मिली है। फिलहाल शेष फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

