
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक नगर की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी में पूर्व से लंबित कांडों, लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन पर बल दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि न्याय प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। इसके साथ ही पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की प्रगति, केस डिस्पोजल की स्थिति, प्रिवेंटिव पुलिसिंग की गतिविधियां, लंबित पोक्सो मामलों के निपटारे, क्षेत्र में सघन गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी जैसे विषयों पर भी समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी आपराधिक घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस गश्ती में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा हर संवेदनशील क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिसकर्मी आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण करें। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई से ही जनता का भरोसा कायम रह सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराधियों पर नकेल कसें और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे को सुनिश्चित करें।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर सहित सभी शहरी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में एसएसपी ने कहा कि कड़ी निगरानी और तत्पर पुलिस कार्रवाई से ही शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।

