
उदित वाणी, जमशेदपुर : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के हनुमान वाटिका मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस कांड में संलिप्त दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी किए गए पीतल के थाली, गिलास, दिया, घं टी, बाल्टी सहित एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
ग्रामीण एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों हनुमान वाटिका मंदिर से पूजा सामग्री और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी व गोपनीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे आर्थिक तंगी के कारण चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और चोरी किए गए पीतल के बर्तन व अन्य सामान को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों से चोरी की घटनाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील की कि वे अपने आस-पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

