
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में आत्महत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर में लगातार हो रही इन घटनाओं ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। ताजा मामला जुगसलाई और सोनारी थाना क्षेत्र का है, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने अपनी जान दे दी।
पहली घटना जुगसलाई डिकोस्टा रोड की है। यहां 32 वर्षीय विकास कुमार अग्रवाल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि उसने किसी अज्ञात कारण से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना सोनारी कागलनगर की है। यहां 30 वर्षीय सुरेश कुमार, जो टेम्पो चालक था, ने बीती रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुरेश, स्वर्गीय सुंदरलाल साहू का बेटा था और नशे की लत से जूझ रहा था। बताया जाता है कि वह नशे की आदत और मानसिक तनाव के कारण परेशान रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लगातार हो रही इन आत्महत्या की घटनाओं ने प्रशासन के साथ-साथ समाज के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक तनाव, नशे की लत और पारिवारिक कलह जैसी वजहें इन घटनाओं के पीछे प्रमुख कारण हो सकती हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

