
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिले के सभी अंचल कार्यालयों में हर कार्य दिवस को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है. इस पहल के तहत लोग सीधे अंचल अधिकारी से मिलकर अपनी भूमि और अन्य समस्याओं के बारे में बता सकते हैं.
अधिकारियों द्वारा शिकायतों को सुनकर मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाती है. आज हुई जनसुनवाई में विभिन्न अंचलों से कुल 61 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 52 मामलों का तुरंत निष्पादन कर दिया गया. शेष 09 मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है.
अब तक इस पहल के तहत जिले के विभिन्न अंचल कार्यालयों में कुल 862 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. इनमें से 755 मामलों का समाधान हो चुका है, जबकि 98 मामलों पर कार्यवाही चल रही है.
प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना और समयबद्ध तथा पारदर्शी तरीके से उनकी शिकायतों का निपटारा करना है.

