उदित वाणी जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर के सामने कांटा मैदान में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति की पत्थरों से कूचकर हत्या कर दी गई। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिजय कुमार नंद्राजोग उर्फ रिंकू (52) के रूप में हुई है, जो बागुनहातु रोड नंबर-1 का रहने वाला था और साकची फल मार्केट में काम करता था।
घर नहीं लौटने पर परिजनों ने की थी खोजबीन
मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार ने बताया कि बिजय कुमार रोजाना सुबह 9 बजे साइकिल से काम पर जाता था और रात 9 बजे तक लौट आता था। गुरुवार देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी।
सुबह लहूलुहान हालत में मिला शव
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने कांटा मैदान में एक शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में हत्या पत्थरों से सिर कुचलकर करने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का भरोसा दिया है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।