
– शिक्षक संघ ने की थी तिथि बढ़ाना की मांग, कई त्रुटियों की विभाग से की गई है शिकायत
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड के सरकारी स्कूलों में कार्यरत सरप्लस शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। विभाग ने अब उनका स्थानांतरण करने के लिए अब 9 सितंबर तक ट्रांसफर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने का मौका मिल सकेगा। पहले उन्हें 18 अगस्त तक आवेदन करना था, लेकिन सरप्लस शिक्षकों की सूची में त्रुटियां होने के कारण शिक्षक उहापोह की स्थिति में थे और आवेदन नहीं कर पा रहे थे।
बताते चलें कि ट्रांसफर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने में शुरुआती दौर में तकनीकी समस्या भी पेश आ रही थी। सो, शिक्षकों की समस्याओं को लेकर 17 अगस्त को ही अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल इस मामले में प्राथमिक शिक्षा निदेशक नेहा अरोड़ा से मिला था। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल प्राथमिक शिक्षा निदेशक से सरप्लस शिक्षकों के स्थानांतारण की विसंगति, उसमें सुधार और विकल्प चुनने की समय सीमा विस्तारित करने और प्रोन्नति के लिए जल्द ही डेट शीट जारी करने की मांग रखी थी। सरप्लस शिक्षकों की सूची में सुधार, डाटा सुधार, मानव संपदा में सुधार आदि में लगने वाले समय को देखते हुए संबंधित शिक्षकों को विकल्प चुनने की समय सीमा 18 अगस्त से विस्तारित करने की मांग की थी। निदेशक ने इसे बढ़ाने का आश्वासन दिया था। संघ की मांग पर शिक्षक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि को बढ़ाकर 9 सितंबर कर दिया गया है। इस बीच अब संभावना है कि सरप्लस शिक्षकों की सूची में की गई गलतियों को सुधारा जाएगा और पुन: आवेदन के लिए स्थिति स्पष्ट की जाएगी। वर्तमान में जो सरप्लस सूची बनी है, उसमें कई ऐसे शिक्षकों को भी सरप्लस सूची में डाल दिया गया है, जो स्कूल में या तो अकेले शिक्षक के तौर पर तैनात हैं या फिर दो ही शिक्षक हैं। इसे लेकर आपत्ति जताई गई थी।
सरप्लस शिक्षकों की सूची में हैं कई विसंगतियां
जिला शिक्षा विभाग ने तबादले के लिए सरप्लस शिक्षकों की जो सूची जारी की है, उसमें कई विसंगतियां हैं। इस सूची के आधार पर अगर तबादले कर दिए गए तो कई स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं बचेंगे। सूची में विभाग ने एक ही स्कूल को दो-दो शिक्षकों के नाम तबादला सूची में डाला है और दिलचस्प बात यह कि उन स्कूलों में दो ही शिक्षक उपलब्ध हैं। ऐसे में दोनों शिक्षकों का तबादला हो गया तो उन स्कूलों में पढ़ाएगा कौन। इसलिए सूची को रद्द करने की मांग जोर पकड़ रही है।
झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आदिवासी मध्य विद्यालय सीतारामडेरा स्कूल का उदाहरण ही लें। यहां के दोनों शिक्षकों का नाम तबादला सूची में है। इनके तबादला होने से स्कूल में एक भी शिक्षक नहीं बचेंगे।
आपत्ति दर्ज करने क भी शिक्षकों को नहीं मिला मौका
जिन शिक्षकों के नाम सरप्लस शिक्षकों की लिस्ट में शामिल किया गया है, उन्हें उक्त सूची पर आपत्ति दर्ज करने का मौका भी नहीं दिया गया। नियमत: शिक्षा विभाग को पहले सरप्लस शिक्षकों की औपबंधिक सूची जारी करनी थी और उसपर शिक्षकों की आपत्ति लेनी थी, लेकिन ऐसा न कर शिक्षा विभाग ने एजेंसी से सूची बनवाकर सीधे शिक्षा सचिव व ट्रांसफर पोर्टल पर अपलोड कर दिया। अरुण कुमार बताते हैं कि ग्रेड 4 में कार्यरत शिक्षकों का नाम भी सूची में दर्ज है, जैसे उत्क्रमित मध्य विद्यालय बागुनहातु में ग्रेड 4 में 3 शिक्षकों का नाम भी सूची में दर्ज है। इसी तरह उत्क्रमित मध्य विद्यालय जैप-6 में कार्यरत शिक्षिका विवियानी सेरेंग की सेवानिवृत्ति मात्र 2 महीने बची है, उनका भी नाम सूची में दर्ज है। इस सूची में में प्रकाशित रिक्तियों का विवरण भी स्पष्ट नहीं है।
Advertisement
<
