
उदित वाणी, जमशेदपुर: ग्रेजुएट कॉलेज में गुरुवार को झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय (ओपन यूनिवर्सिटी) रांची का अध्ययन केंद्र खोला गया. प्राचार्या डॉ. मुकुल खंडेलवाल, प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर विकास मौर्य और प्रेम सागर केसरी ने केंद्र का उद्घाटन किया.
प्रेम सागर केसरी ने कहा कि अध्ययन केंद्र में 29 विषयों की पढ़ाई होगी. रेगुलर कोर्स के साथ-साथ इसमें कोई भी छात्र-छात्राएं दाखिला ले सकते हैं. 29 विषयों के अलावा अन्य विषयों की पढ़ाई के लिए यूजीसी से सहमति मांगी गई है. जल्द ही स्नातक, स्नातकोत्तर, बीड, पीएचडी तक की पढ़ाई केंद्र में होगी.
डिप्लोमा, सर्टिफिकेट एवं स्नातकोत्तर के कुल 29 कोर्स फिलहाल यहां चलाए जाएंगे. धीरे-धीरे इसमें अन्य विषय भी जोड़े जाएंगे. इसमें ऑनलाइन क्लास होंगे तथा शनिवार और रविवार को डाउट क्लियर क्लास होगा.
प्राचार्या डॉ. मुकुल खंडेलवाल ने कहा कि झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय, रांची को ग्रेजुएट कॉलेज में खोलना गरीब एवं काम करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा.

