
उदित वाणी, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आयेंगे. प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई को राष्ट्रपति पहले बाबा नगरी देवघर जायेंगी और बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना करने के बाद रांची आयेंगी.
राजभवन में विश्राम करने के बाद राष्ट्रपति शाम 5 बजे नवनिर्मित झारखंड उच्च न्यायालय का उध्दघाटन करेंगी. उच्च न्यायालय के नये भवन के उद्घाटन समारोह में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी वाइ चंद्रचूड़ एवं केंद्रीय कानून व न्याय मंत्री किरेन रिजिजू के भी शामिल होने की संभावना है.
ज्ञात हो कि झारखंड उच्च न्यायालय की न्यू ग्रीन बिल्डिंग 72 एकड़ में फैली हुई है और यह सुप्रीम कोर्ट से लगभग साढ़े तीन गुणा बड़ी है. सुप्रीम कोर्ट का मुख्य भवन लगभग 17 एकड़ में फैला है.
उच्च न्यायालय का उध्दघाटन करने के बाद राष्ट्रपति रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगी. दूसरे दिन 25 मई को राष्ट्रपति भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ट्रिपल आईटी रांची के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके लिए राष्ट्रपति भवन द्वारा मंजूरी दे दी गई है. दीक्षांत समारोह में ट्रिपल आईटी के बीटेक व एमटेक के लगभग 120 विद्यार्थियों के बीच डिग्री वितरित किया जायेगा.
समारोह में राष्ट्रपति टॉपर्स को मेडल प्रदान करेंगे. वहीं राष्ट्रपति खूंटी में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड लाइवलीहूड मिशन की महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद करेंगी.
राष्ट्रपति के दौरे व खूंटी में आहूत कार्यक्रम को लेकर केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुण्डा ने सोमवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के साथ भी मुलाकात की यद्यपि खूंटी में किस दिन और कितने बजे कार्यक्रम आयोजित की गई है. फिलवक्त इसकी जानकारी नहीं दी गई है.

