
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची स्थित टैगोर एकेडमी में प्रबंधन पर कुछ चुनिंदा बच्चों को ही 8वीं से 9वीं क्लास में प्रमोट करने का आरोप लग रहा है. इस मामले में जमशेदपुर अभिभावक संघ ने उपायुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक को मांगपत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है. अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि टैगोर एकेडमी स्कूल प्रबंधन द्वारा क्लास 8 रिपीट कर रहे फेल छात्रों में से चुन-चुन कर बच्चों को अगली कक्षा यानी क्लास 9 में प्रमोट किया जा रहा है, जो गलत है.
डॉ. उमेश ने कहा कि आरटीई अधिनियम 2009 की धारा 16 के प्रावधान में किसी विद्यालय में प्रवेश प्राप्त बालक को किसी कक्षा में नहीं रोका जाएगा या विद्यालय में प्राथमिक शिक्षा पूरी किए जाने तक निष्कासित नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि इस स्कूल की आठवीं कक्षा में अन्य कक्षाओं की अपेक्षा सबसे ज्यादा बच्चे फेल हुए हैं, इससे स्कूल के शैक्षणिक प्रबंधन और शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता पर सवालिया निशान भी लगता है.
गौरतलब है कि इस मुद्दे पर जिला शिक्षा अधीक्षक के साथ त्रिपक्षीय वार्ता में क्लास 8 के बच्चों को उसी कक्षा में रिपीट करने के आदेश दिए थे और बच्चे रिपीट भी कर रहे हैं. रिपीट कर रहे बच्चों ने मामले में संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश को बताया कि स्कूल स्कूल प्रबंधन द्वारा कुछ रिपीट कर रहे बच्चों में से कुछ को अगली कक्षा यानी क्लास 9 प्रमोट किया जा रहा है.
मामला सामने आने के बाद डॉ. उमेश ने पूरे मामले की जांच के साथ ही आरटीई अधिनियम 2009 की धारा 16 के प्रावधान के तहत इस स्कूल के क्लास 8 में फेल हुए बच्चों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का आदेश देने की भी मांग की है.

