
उदित वाणी, जमशेदपुर: इस बार कोल्हान विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए गर्मी छुट्टी नहीं होगी. सभी कालेजों में पूरे मई और जून के महीने में सामान्य आफलाइन कक्षाएं चलेंगी. इस संबंध में सोमवार को हुई एकेडेमिक काउंसिल की बैठक में अंतिम निर्णय ले लिया गया. कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. गंगाधर पंडा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्धारित किया गया कि 21 मई से 18 मई तक की गर्मी की छुट्टी सिर्फ ऑफिशियल होगी, लेकिन इस पूरे छुट्टी के दौरान ऑफलाइन कक्षाओं के लिए कॉलेज बंद नहीं किए जाएंगे. ऐसा कोरोना महामारी के दौर में पढ़ाई को हुए नुकसान को ध्यान में रख कर किया जा रहा है. चूंकि कोल्हान विश्वविद्यालय में सभी सत्र काफी विलंब से चल रहे हैं. इसलिए समय रहते कोर्स पूरा करने के लिए छुट्टियों में भी कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया. इस दौरान सबसे अधिक जिम्मेदारी घंटी आधारित शिक्षकों पर होगी. इन्हीं के भरोसे गर्मी छुट्टी में आफलाइन कक्षाएं चलेंगी. इन कक्षाओं के लिए घंटी आधारित शिक्षकों को पूरा भुगतान भी किया जाएगा. इसके अलावा परमानेंट शिक्षक भी कक्षाएं लेंगे. गर्मी छुट्टी के दौरान कॉलेजों के प्रिंसिपल एक प्रोविजनल रूटीन बनाएंगे, जिसके आधार पर कक्षाएं ली जाएंगी.
इसके अलावा एकाडेमिक काउंसिल की बैठक में लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने को लेकर भी निर्णय लिए गए. पीजी डिपार्टमेंट को हिदायत दी गई कि वे पुस्तकों की सूची उपलब्ध कराएं. 45 लाख के इंटरनल फंड से इन पुस्तकों की खरीद की जाएगी. वर्तमान में जो सूची पीजी विभागों से विश्वविद्यालय को प्राप्त हुई है, वह काफी महंगी है. 45 लाख के बजट में उनकी खरीद नहीं की जा सकती. इसलिए सीमित बजट के हिसाब से लिस्ट बनाने को कहा गया है.
वहीं स्नातक सेमेस्ट-5 के छात्रों को बिना परीक्षा के ही प्रमोट करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई. तय किया गया कि सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के आधार पर स्नातक सेमेस्टर-5 व पीजी सेमेस्टर-3 के विद्यार्थियों को प्रमोट करने के मसले पर निर्णय लिया जाएगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में अगर यूसी सेमेस्टर-5 व पीजी सेमेस्टर3 के छात्रों को बिना परीक्षा के ही पास किया गया है तो यहां भी छात्रों को बिना परीक्षा के प्रमोट कर दिया जाएगा. लेकिन अगर सिदो-कान्हू में ऐसा नहीं किया गया है तो यहां भी छात्र प्रमोट नहीं किये जाएंगे.
कोल्हान विश्वविद्यालय को इन्फ्लिबनेट ई-शोध सिंधु ने 65 लाख में ई-जर्नल, ई-बुक व ई-मटेरियल का सब्सक्रिप्शन देने का प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही कोल्हान विश्वविद्यालय देश का 218वां ऐसा विश्वविद्यालय बन गया, जो इस उच्च शिक्षा के इलेक्ट्रॉनिक संसाधन उपलब्ध कराने वाले कंजोर्टियम का हिस्सा बनेगा.
अबतक देश के 217 विवि इससे जुड़े हैं, जिन्हें इससे ई-बुक समेत उच्च शिक्षा से जुड़े ई-मटेरियल उपलब्ध होते हैं.

