
उदितवाणी, जमशेदपुर: विगत दिनों शहर के विभिन्न क्षेत्रों से उजाड़े गए फुटपाथी दुकानदार नेशनल हॉकर फेडरेशन के बैनर तले बसों से रांची रवाना हुए. ये सभी शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वेडिंग जोन बनाने की मांग कर रहे हैं.
शहर के साकची, बारीडीह, कदमा, मानगो, बर्मामाइंस आदि बाजारों के फुटपाथ दुकानदार साकची में हाथी घोड़ा मंदिर के पास एकत्र हुए और बसों से रांची रवाना हुए. फेडरेशन के जिला सचिव उत्तम चक्रवर्ती ने बताया कि रांची में फुटपाथ दुकानदार मेन रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट से रैली निकालकर नागा बाबा खटाल वेंडर मार्केट होते हुए मुख्यमंत्री के आवास जाकर उन्हें एक मांगपत्र सौंपेंगे.
इसके जरिए वेंडिंग जोन बनाने की मांग की जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने फुटपाथी दुकानदारों के लिए साल 2014 में कानून बनाया था. इसका अनुपालन नहीं हो रहा है.
इस कानून के अनुसार शहर की जमीन की ढाई प्रतिशत भूमि वेंडिंग जोन के लिए निर्धारित होनी चाहिए. रांची रवाना होने वालों में मनोज कुमार, दिलीप कुमार, ओम प्रकाश मिश्रा, कृष्णा प्रमाणिक, बास्के हांसदा, प्रतिमा चक्रवर्ती, गौरी भट्टाचार्य, सत्येंद्र ठाकुर आदि शामिल हैं.

