
डीसी ने बनवाया वाह्ट्सऐप ग्रुप, सेल्फी को दो बार करना है पोस्ट
उदित वाणी, जमशेदपुरः पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्राथमिक व सामुदायिक चिकित्सा केंद्रों में तैनात चिकित्सकों को सेल्फी के माध्यम से अपनी उपस्थिति बतानी होगी. इसके लिए बकायदा एक वाह्ट्सऐप ग्रुप बनाया गया है. डीसी के आदेश पर ये ग्रुप बनाया गया है जिसमें स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों व चिकित्सकों को जोड़ा गया है.
सुबह तय समय पर ड्यूटी में आते ही सेल्फी लेकर ग्रुप में डालनी होगा और शाम के वक्त ड्यूटी समाप्ति के वक्त भी सेल्फी ग्रुप में डालना होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चिकित्सक ड्यूटी कर रहे हैं. ऐसी शिकायत मिली थी कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक व सामुदायिक चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सक ड्यूटी से गायब रहते हैं. उसके बाद यह व्यवस्था लागू की गई है. केंद्र में सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक डॉक्टर को रहना है.
उधर, चाकुलिया स्वास्थ्य केंद्र के दो डॉक्टरों के खिलाफ सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया. इनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा. सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी ने यह जानकारी दी. इससे पहले पटमदा स्वास्थ्य केंद्र के छह डॉक्टरों के एचआरए पर रोक लगाने के साथ एक दिन का वेतन काटने का आदेश सिविल सर्जन ने दिया था.
