उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : नारायणपुर कार्यक्रम में मंत्री इरफान अंसारी की चेतावनी, स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही हुई तो सीधे सिविल सर्जन को किया जाएगा सस्पेंड.
जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत रानीडीह पंचायत के सिलधवा नदी पर मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा चालित सिंचाई योजना निर्माण कार्य का शिलान्यास सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधिवत नारियल फोड़कर किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, स्थानीय ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि सरकार किसानों तथा ग्रामीणों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है.
इस दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने सरायकेला-खरसावां जिले में प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है तथा सिविल सर्जन को सख्त निर्देश दिए गए हैं. मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अब केवल डॉक्टर ही नहीं, बल्कि लापरवाही पाए जाने पर सीधे सिविल सर्जन पर भी कार्रवाई होगी.
ज्ञात हो कि सरायकेला-खरसावां के एक सीएससी अस्पताल में बिजली नहीं रहने के कारण मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में गर्भवती महिला का प्रसव कराया गया था. इस दौरान प्रसूता महिला और नवजात बच्चे की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आलोचना हो रही थी.
वहीं मंत्री ने जमशेदपुर में जनवितरण प्रणाली के एक दुकानदार द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच कराई जाएगी. मंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 25 हजार डीलर कार्यरत हैं और कमीशन भुगतान केंद्र सरकार से होता है. समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के दौरान विशेष पहल कर भुगतान कराया था. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


